कोलकाता , सितंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले आगामी उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की मंगलवार को घोषणा की।
विधानसभा चुनाव में भवानीपुर के साथ-साथ नंदीग्राम सीट पर भी जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम सीट छोड़ने और रेजीनगर तथा नौदा दोनों सीटों से जीत हासिल करने वाले आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर के रेजीनगर सीट से इस्तीफा देने के कारण इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराये जा रहे हैं।
नंदीग्राम में पार्टी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को मैदान में उतारा है। रेजीनगर में भाजपा ने मुर्शिदाबाद जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी की राज्य समिति के सदस्य शाखारव सरकार को उम्मीदवार बनाया है।
श्रीमती हसीरानी रथ के नामांकन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा, "ममता और ऋतब्रत खेमे, वाम मोर्चा और कांग्रेस सहित विपक्ष की जमानत जब्त हो जायेगी। मेरी बातों को याद रखिएगा। मतगणना के दिन मैं वहीं मौजूद रहूंगा।"पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद छह मई को मध्यमग्राम में श्री चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
He was travelling in the front passenger seat of a car when motorcycle-borne assailants opened fire.वह कार की आगे वाली सीट पर बैठकर यात्रा कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। श्री रथ को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। श्री रथ का पैतृक घर पूर्व मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर में है।
श्री रथ की मृत्यु के बाद श्री अधिकारी ने परिवार को सहायता का आश्वासन दिया था और न्याय दिलाने का वादा किया था।
श्रीमती हसीरानी रथ ने भी मुख्यमंत्री पर अपना विश्वास व्यक्त किया था। भाजपा ने अब उन्हें नंदीग्राम से अपना उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा के औपचारिक रूप से उम्मीदवारों की घोषणा करने से ठीक पहले आज सुबह हसीरानी ने नंदीग्राम के रेयापारा स्थित सिद्धेश्वर शिव मंदिर और जानकीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने उपचुनाव लड़ने की भी पुष्टि की। उन्होंने उम्मीद जतायी कि उन्हें पार्टी संगठन का समर्थन मिलेगा और वह नंदीग्राम की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का पूरा प्रयास करेंगी।
नंदीग्राम और रेजीनगर में छह अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर है। चुनाव के नतीजे नौ अक्टूबर को घोषित किए जायेंगे।
कई दल पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।
रितब्रत गुट ने नंदीग्राम में मोहम्मद एहतश मुल हक और रेजीनगर में शेख सफीउद्दीन जमां को मैदान में उतारा है। वाम मोर्चे ने नंदीग्राम में भाकपा उम्मीदवार शांतिगोपाल गिरि और रेजीनगर में माकपा उम्मीदवार सैयद असद अली को उम्मीदवार बनाया है।
विधानसभा चुनाव में भवानीपुर के साथ-साथ नंदीग्राम सीट पर भी श्री अधिकारी ने जीत हासिल की थी। उन्होंने नंदीग्राम सीट को छोड़ने का निर्णय लिया था, जिस वजह से यहां से उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी।
वहीं आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर ने रेजीनगर और नौदा दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने रेजीनगर सीट खाली कर दी थी। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहे हैं। उपचुनाव में उन्होंने यहां से अपने बेटे गुलाम नबी आजाद, जिन्हें लोकप्रिय रूप से रॉबिन के नाम से जाना जाता है, को मैदान में उतारा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित