रायपुर , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2023 की लंबित प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि के वितरण के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया है।

श्री ठाकुर ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा कि राज्य सरकार ने 7,14,446 तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों में 162 करोड़ 32 लाख 19 हजार 864 रुपये की बोनस राशि सीधे हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि सीधे हितग्राहियों तक पहुंचने से पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।

उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग की लाभ में रही 125 समितियों के 1,54,112 संग्राहकों को 45.87 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी, जिससे वनांचल क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 की बोनस राशि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लंबित रह गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने लंबित भुगतान जारी करने के साथ भविष्य में समय पर बोनस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार वनवासियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों की रक्षा तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित