भोपाल , जुलाई 27 -- भारतीय जनता पार्टी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के कथित बयान को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त से शिकायत कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया कि श्री पटवारी ने चुनावी सभा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा शासकीय संस्थाओं के संबंध में तथ्यहीन और तर्कहीन आरोप लगाए हैं।

शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार के बयान से मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है तथा शासकीय संस्थाओं की निष्पक्षता पर अनावश्यक प्रश्नचिह्न लगाए गए हैं। भाजपा का आरोप है कि ऐसे बयानों से मतदाताओं के बीच भ्रम और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है तथा दतिया में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

भाजपा ने निर्वाचन आयोग से कहा है कि श्री पटवारी का कथित बयान आदर्श आचार संहिता की भावना के विपरीत है और चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाला है। पार्टी ने मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा ने आयोग से यह भी अनुरोध किया है कि चुनाव प्रचार की शेष अवधि के लिए श्री पटवारी के दतिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश और चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि मतदाता निर्भय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित