हैदराबाद , जून 20 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को निशाना बनाकर कथित कोयला घोटाले से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री राव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, किशन रेड्डी की बेबुनियाद आलोचना इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि कोयला घोटाले से जुड़े तथ्य सामने आ जायेंगे। उन्होंने कहा कि श्री किशन रेड्डी ने कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से पत्र लिखा है।
भाजपा नेता ने बताया कि सिंगरेनी कोलरीज कंपनी लिमिटेड में तेलंगाना सरकार की 51 प्रतिशत और केंद्र सरकार की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है, लेकिन कंपनी का कामकाज और वित्तीय अधिकार पूरी तरह से राज्य सरकार के पास हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर सवालों का जवाब देने के बजाय, कांग्रेस सरकार सिर्फ़ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लगी हुई है।
श्री राव ने तेलंगाना में शिक्षा क्षेत्र की हालत पर भी चिंता जतायी। उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों में दाखिले बढ़ने के आधार पर सफलता का दावा तो कर रही है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी को दूर करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में पर्याप्त क्लासरूम, टॉयलेट, फर्नीचर, पाठ्यपुस्तकें और दूसरी ज़रूरी सुविधाएं नहीं हैं, और सवाल उठाया कि कितने सरकारी स्कूल अपनी खुद की इमारतों में चल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित