नयी दिल्ली , मार्च 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची में 39 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

भाजपा इससे पहले 47 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है।

केरल विधानसभा चुनाव के लिये भाजपा की दूसरी सूची पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में तय की गई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा ने इस सूची में कई प्रमुख और चर्चित चेहरों को मैदान में उतारा है, इनमें अरनमुला से कुम्मनम राजशेखरन, कुंडरा से डॉ. रॉबिन राधाकृष्णन, कोल्लम - डॉ. एन. प्रताप कुमार, नटिका (अजा) से सीसी मुकुंदन, गुरुवायूर से एडवोकेट बी. गोपालकृष्णन, एर्नाकुलम से पीआर शिवशंकर और अलुवा से एमए ब्रह्मराज के नाम शामिल हैं।

भाजपा ने दूसरी सूची में महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी है, जिनमें प्रमुख हैं- कासरगोड से अश्विनी एमएल, मंजेरी से पद्मश्री एम., मलप्पुरम से अश्वती गुप्ता कुमार, तनूर से दीपा पुझक्कल, परवूर से वत्सला प्रसन्ना कुमार, कोंगाड से रेनु सुरेश प्रमुख हैं।

इस सूची में भाजपा ने खास तौर पर उत्तरी और मध्य केरल (मालाबार और त्रिशूर क्षेत्र) पर ध्यान केंद्रित किया है। भाजपा ने अब तक 140 में से 86 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित