रायपुर , जून 28 -- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार लगातार जारी है। भाजपा ने प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन एक नया पोस्टर जारी कर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को निशाने पर लिया है।

भाजपा द्वारा जारी पोस्टर में देवेंद्र यादव को पार्टी पदाधिकारियों को प्रदर्शन के दौरान "खुद का कपड़ा फाड़ने" और "सरकारी संपत्ति में आग लगाने" का प्रशिक्षण देते हुए दर्शाया गया है। इसके माध्यम से भाजपा ने कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर राजनीतिक तंज कसा है।

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन से ही वह पोस्टर के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देती रही है। इसी क्रम में नौवें दिन देवेंद्र यादव के प्रशिक्षण सत्र को लेकर जारी पोस्टर में उन पर कटाक्ष किया गया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र यादव का स्वयं अपना कपड़ा फाड़ते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं, कलेक्टोरेट में आगजनी के मामले में पुलिस ने उन्हें मुख्य आरोपी बनाया था। भाजपा ने अपने पोस्टर में इन दोनों घटनाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़कर प्रस्तुत किया है।

हालांकि, इस पोस्टर पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित