लखनऊ , नवंबर 27 -- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले बुधवार की देर रात 14 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की गयी है, इनमें से पांच को दोबारा मौका दिया गया है।

प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने कल रात 14 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। इससे पहले पार्टी ने 16 मार्च को 70 जिलाध्यक्षों का एलान किया था। प्रदेश में भाजपा के कुल 98 संगठनात्मक जिले हैं। इस लिहाज से अभी 14 की घोषणा होना बाकी है।

संगठन की ओर से जारी सूची के अनुसार बहुत लंबी कवायद के बाद घोषित किए गए जिलाध्यक्षों में पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने का भी पूरा प्रयास किया है। पार्टी ने पिछड़ा वर्ग को सर्वाधिक तरजीह देते हुए सात जिलाध्यक्ष इसी वर्ग से बनाए हैं। जबकि सामान्य वर्ग के छह और अनुसूचित वर्ग से एक जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

दरअसल अभी तक घोषित किए गए जिलाध्यक्षों में जातिगत गुणा-गणित देखें तो 84 में से सामान्य वर्ग से 45, पिछड़ा वर्ग से 32 और अनुसूचित वर्ग से सात जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं।

कल देर रात घोषित की गई 14 नए जिलाध्यक्षों की सूची में बृज क्षेत्र में अलीगढ़ जिला एवं महानगर के अलावा फिरोजाबाद जिले में पुराने चेहरों को ही फिर मौका दिया गया है।

सूची में तीन जिलों में महिलाओं को जिलाध्यक्ष के रूप में मौका दिया गया है। इनमें हापुड़ में खटीक जाति से आने वाली कविता माधरे को अध्यक्ष बनाया गया है। हमीरपुर में शकुंतला निषाद को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि जालौन में उर्विजा दीक्षित को रिपीट किया गया है।

पहले घोषित 70 जिलाध्यक्षों की सूची में पांच महिलाओं को जगह मिली थी। इस प्रकार कुल आठ जिलाध्यक्ष महिला बनाई गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित