यादगीर , मई 30 -- कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालवादी नारायणस्वामी ने शनिवार को श्री सिद्दारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को 'बेहद भ्रष्ट' करार देते हुए उस पर कई गंभीर वित्तीय घोटालों और अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
उन्होंने नेतृत्व में बदलाव से शासन-प्रशासन में कोई भी सुधार नहीं होने और कर्नाटक को आगे भी कांग्रेस के शासन में 'बेहद भ्रष्ट और शून्य विकास' वाले प्रशासन का सामना करते रहने का आरोप लगाया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के इस्तीफे के बाद हो रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस बदलाव से कर्नाटक की जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली।
श्री नारायणस्वामी ने कहा, "हो सकता है कि सरकार या कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में बदलाव हो जाए। लेकिन सच तो यह है कि यह एक बेहद भ्रष्ट सरकार है। यह अब तक भ्रष्ट रही है और इस बदलाव के बाद भी हमें एक बेहद भ्रष्ट सरकार ही देखने को मिलेगी।" उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ने का कारण विकास की कमी को बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित