नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को विश्व एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुये इसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जहां भारत की प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और युवाशक्ति की शक्ति का प्रदर्शन हुआ, वहीं कांग्रेस ने अशोभनीय विरोध कर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि एआई शिखर सम्मेलन में दुनिया के सामने भारत के युवाओं की क्षमता और तकनीकी ताकत को प्रदर्शित किया, लेकिन युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और इस रवैये से देश में नाराज़गी का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि न केवल आम जनता बल्कि विपक्षी गठबंधन के कुछ नेताओं ने भी इस पर आपत्ति जताई है।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन की निंदा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा ने भी की है। श्रीमती अल्वा ने अपने बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में गरिमा, अनुशासन और जिम्मेदारी बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि अब कांग्रेस के भीतर से भी ऐसे स्वर उठ रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के विरोध को गलत बता रहे हैं।

श्री त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार भारत की उपलब्धियों को धूमिल करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि जब भारत एआई और नई तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, तब इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि देश आज तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऐसे समय में सभी दलों को राष्ट्रीय हित और देश की प्रतिष्ठा को सर्वोपरि रखना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित