भोपाल , जुलाई 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए शुक्रवार को आशुतोष तिवारी को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। पार्टी ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया।

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद प्रत्याशी की घोषणा की। दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण कराया जा रहा है।

वही डॉ. नरोत्तम मिश्रा उपचुनाव की घोषणा के बाद से लगातार दतिया क्षेत्र में सक्रिय थे और चुनावी तैयारियों में जुटे हुए थे। उन्होंने विभिन्न सभाओं में मतदाताओं से संवाद किया तथा अपनी पिछली चुनावी हार को लेकर सार्वजनिक रूप से आत्ममंथन करते हुए लोगों से समर्थन की अपील भी की थी। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अब तक 13 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें से चार उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

जबकि प्रत्याशी बनाए गए आशुतोष तिवारी की बात करें तो वह वर्तमान में प्रदेश भाजपा में प्रकोष्ठ प्रभारी का दायित्व सम्हाल रहे है। संघ पृष्ठभूमि से आने वाले श्री तिवारी इससे पहले भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं तथा मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त कर चुके हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सेवढ़ा सीट से भाजपा टिकट का दावा किया था, हालांकि पार्टी ने वहां प्रदीप अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया था। दतिया विधानसभा सीट के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित