चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- पूर्व उपमुख्यमंत्री पंजाब और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर मिलीभगत करके पंजाब के जनादेश के हनन का आरोप लगाया है। उन्होंने चेताया कि भाजपा सीधे तौर पर पंजाब में जो नहीं कर पाई, वह अपनी बी-टीम आम आदमी पार्टी के जरिए करवाने में सफल रही। यह पंजाब के साथ धोखा है।
श्री रंधावा ने कहा कि पंजाब के लोगों से ऐसी राजनीतिक चालों को समझने और सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब की असली ताकत लोगों की चेतना में है और किसी भी पार्टी को पिछले दरवाज़े से अपना असर बनाने की इजाज़त नहीं दी जानी चाहिए। यह बदलाव पंजाब की जनता के सीधे जनादेश से नहीं, बल्कि अप्रत्यक्ष और सुनियोजित राजनीतिक रणनीति के माध्यम से हुआ है।
आम आदमी पार्टी के 6 राज्यसभा सदस्यों का भाजपा में शामिल हो जाना एक सोची समझी साजिश के तहत किया गया है। क्योंकि 2022 में 6.6 प्रतिशत वोट हासिल करने वाले भाजपा को पता था कि वह अपनी विचारधारा को सीधे तौर पर पंजाब में लागू नहीं करवा सकती थी। इसलिए आप के साथ मिलकर 6 सदस्यों को भाजपा में शामिल कराया गया है। जिसके बाद भाजपा को पंजाब से राज्यसभा में 85.7 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल गया है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता की बात है और पंजाब की जनता के जनादेश के साथ बहुत बड़ा धोखा है।
श्री रंधावा ने कहा कि पंजाब के हितों को नज़रअंदाज़ करके केंद्रीय राजनीति को प्रथामिकता दी जा रही है। पंजाब की अलगाववादी ताकतें कहती हैं कि उनके लोगों को सुना नहीं जाता, उन्हें न्याय नहीं मिलता। आज भाजपा ने ठीक वही किया है, जो अलगाववादी ताकतें सिद्ध करना चाहती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित