छिंदवाड़ा , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा में भाजपा नेत्री मोनिका बट्टी के सूने मकान में सेंधमारी कर लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को राउंडअप किया है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई पिस्टल तथा जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार मोनिका बट्टी ने अमरवाड़ा में एक मकान किराए पर ले रखा है। उनकी मां की तबीयत खराब होने के कारण वह उपचार के सिलसिले में भोपाल में रह रही थीं। इसी दौरान मकान सूना था। बदमाशों ने इसका फायदा उठाकर मकान का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए।

बदमाशों ने घर में रखी बिस्तर पेटी को खंगाला, जहां उन्हें लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस मिले। वे इन्हें भी अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मोनिका बट्टी की ओर से 04 सितंबर को अमरवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

लाइसेंसी हथियार चोरी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों के बारे में सुराग मिलने के बाद उन्हें राउंडअप कर पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के बाद चोरी गई पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी संदिग्धों के नाम और बरामद हथियार के संबंध में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी के बाद हथियार को कहां रखा गया था और इस दौरान उसका किसी अन्य वारदात में इस्तेमाल तो नहीं किया गया। पुलिस द्वारा मामले का जल्द आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित