भिवानी , मई 27 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शंकर धूपड़ ने बुधवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया।

उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने से पहले बोर्ड परिसर में स्थापित मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने 'भारत माता की जय' के उद्घोष लगाए।

श्री शंकर धूपड़ ने पदभार संभालने के बाद कहा कि भारत सरकार की नई शिक्षा नीति को पूर्ण रूप से लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में सुधार को गति देते हुए बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार, परीक्षाओं में नकल पर अंकुश तथा बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित और विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए संतोषजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

श्री धूपड़ ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति को गुणवान, सुशील और समाज व देश के प्रति समर्पित बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार ने उन पर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही बोर्ड सचिव और अधिकारियों के सहयोग से शिक्षा बोर्ड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित