श्रीगंगानगर , अगस्त 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता राजकुमार सोनी पर एक स्थानीय पत्रकार ने अपहरण, गंभीर मारपीट, अत्याचार, वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
अस्पताल में भर्ती पत्रकार जयप्रकाश मील के पर्चा बयान के आधार पर पुलिस ने बुधवार को भाजपा नेता राजकुमार सोनी एवं अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पत्रकार जयप्रकाश मील (44) ने मामला दर्ज कराते हुए बताया कि 11 अगस्त को राजकुमार सोनी अपने एक साथी के साथ उसे जबरन एक गाड़ी में पूजा कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया। वहां मारपीट की और उसके कपड़े उताकर जबरन वीडियो बनाया गया और घोर आपत्तिजनक व्यवहार किया। फिर दोनाली बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। सोनी ने सोशल मीडिया पर भाजपा के खिलाफ टिप्पणी करने के कारण माफी मांगने को कहा।
पुलिस ने अस्पताल में जेपी मील का पर्चा बयान दर्ज किया। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक सतवीर सिंह को सौंपी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित