जौनपुर , नवम्बर 01 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर नगर के बीआरपी कालेज के मैदान पर नौ दिवसीय श्रीराम कथा के भव्य एवं सफल आयोजन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने समस्त जनपदवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा और जौनपुरवासियों के अपार स्नेह, श्रद्धा एवं सहयोग से यह धार्मिक आयोजन यादगार बन सका।
भाजपा नेता ने कहा कि नौ दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों और धर्मप्रेमी नागरिकों ने जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की, वह सदैव अविस्मरणीय रहेगी। कथा के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती प्रदान की।
उन्होंने विशेष रूप से सेवा भारती, जौनपुर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की। साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित