मनेन्द्रगढ़ , मई 22 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 'सुशासन तिहार' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष स्थानीय विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाना एक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता को भारी पड़ गया। पार्टी के जिला अध्यक्ष ने संबंधित नेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुशहा में गुरुवार को को आयोजित 'सुशासन तिहार' कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मनोज साहू ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि "माननीय विधायक का सोनहत क्षेत्र में भ्रमण नहीं होता है।" कार्यक्रम के दौरान की गई इस टिप्पणी के बाद मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।

बाद में शुक्रवार सुबह जब मुख्यमंत्री पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे तब श्री साय से इस संबंध में सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि यह 'सुशासन तिहार' का विषय नहीं है।

इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उनसे सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित