दंतेवाड़ा , अक्टूबर 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने नवरात्रि के पावन पर्व के नौवें दिन बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के दरबार दंतेवाड़ा पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राष्ट्र एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा कैबिनेट एवं प्रभारी मंत्री दंतेवाड़ा केदार कश्यप ने भी माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। दंतेवाड़ा आगमन पर विधायक चैतराम अटामी, जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नन्दलाल मुडामि समेत भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
अजय जामवाल, पवन साय एवं केदार कश्यप ने भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर क्षेत्रवासियों को नवरात्रि व दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित