प्रयागराज , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के पिता फिरोज जहांगीर गांधी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को भाजपा नेताओं ने पारसी कब्रिस्तान पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा नेताओं के कब्रिस्तान पहुंचने और कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने "फिरोज गांधी अमर रहें" के नारे भी लगाए। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी रायबरेली में अपनी लोकसभा क्षेत्र में मौजूद हैं, लेकिन अपने दादा की कब्र पर श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी पारसी विरासत को देश के सामने नहीं रखना चाहते और राजनीतिक कारणों से अपने परिवार की पहचान को लेकर अलग नैरेटिव पेश करते हैं।

श्री पाल ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के महात्मा गांधी के परिवार से होने के दावे को लेकर भाजपा लगातार सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का महात्मा गांधी के परिवार से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। इस संदर्भ में उन्होंने तंज करते हुए कहा कि यह संबंध "सोनू निगम और नगर निगम" जैसा है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले फिरोज गांधी की कब्र पर भाजपा नेताओं के पहुंचने से मिलने वाले संभावित राजनीतिक लाभ के सवाल पर श्री पाल ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी झूठे नैरेटिव के आधार पर राजनीति कर रही हैं। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए पीडीए के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

सहारनपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कथित अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर कांग्रेस और सपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी न तो न्यायालय और न ही संविधान का सम्मान करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित