जयपुर , सितम्बर 11 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नगर निकाय चुनाव में सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर अधिकारियों से कहकर प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी करवाने का आरोप लगाया है।

श्री डोटासरा शुक्रवार को अपने बयान में यह आरोप लगाते हुए कहा कि वह राजस्थान में भी जनप्रतिनिधियों को धमकाओ, डराओ और दबाव में लाकर भाजपा में शामिल करने के गुजरात मॉडल को लागू करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्थान में सरकार के काम पर वोट मांगने की बजाय प्रशासन का दुरुपयोग करते हुए निकाय चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशियों को डराने धमकाने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा को ऐसा क्या डर है कि बाड़ेबंदी और प्रत्याशियों की खरीद फ़रोख़्त की जा रही है। भाजपा के खिलाफ आम जनता में रोष है और कांग्रेस निकाय चुनाव में जीत दर्ज कर रही है. इसलिए हार के डर से बौखला कर भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। सभापति के लिए चुनाव 21 को है, इसलिए आज भाजपा सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर अधिकारियों से कहकर बाड़ेबंदी करवा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित