चंडीगढ़ , मई 12 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बटाला, तरनतारन, लुधियाना और जीरकपुर में भाजपा दफ्तरों पर हुए हमलों को सुनियोजित साजिश करार देते हुए आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आप राज्य में में तृणमूल कांग्रेस शैली की राजनीति लागू कर बंगाल जैसे हालात पैदा करना चाहती है।
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद मंगलवार को मीडिया से बातचीत में श्री जाखड़ ने कहा कि भाजपा दफ्तरों पर एक ही समय और एक जैसे तरीके से हुए हमले गहरी साजिश का संकेत हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस केवल हमलावरों को ही नहीं, बल्कि इस साजिश के असली मास्टरमाइंड को भी बेनकाब करे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई जब आप के शीर्ष नेताओं तक पहुंचने लगी तो पार्टी घबरा गयी और इस तरह की राजनीति पर उतर आई। उन्होंने कहा कि ऐसे हथकंडों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केन्द्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) की कार्रवाई नहीं रुकेगी। उन्होंने पंजाब विजिलेंस विभाग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब भ्रष्टाचार रोकने वाली एजेंसी ही भ्रष्टाचार में फंस जाये, तो सीबीआई की दखल जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और चाहे आप नेता हो या कांग्रेस नेता, भ्रष्टाचार में शामिल हर व्यक्ति की जवाबदेही तय होगी।
श्री जाखड़ ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अफसर कानून और जनता के प्रति जवाबदेह रहने की बजाय आप कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं, उन्हें भी जवाब देना होगा। ईमानदार अधिकारियों को सम्मान मिलेगा, लेकिन राजनीतिक एजेंट की तरह काम करने वालों पर कार्रवाई तय है।
सोशल मीडिया पर भी श्री जाखड़ ने लिखा कि सीबीआई छापे के बाद अफसरों, मंत्रियों और नेताओं में घबराहट है, लेकिन भ्रष्ट लोग बच नहीं पाएंगे और अब 'सबका हिसाब' होने का समय आ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित