हैदराबाद , मार्च 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई की महिला मोर्चा ने शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम आयोजित कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया।

कार्यक्रम में तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज मुख्य वक्ता रहीं और महबूबनगर की सांसद डीके अरुणा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थीं।

इस अवसर पर श्री राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को अधिक सम्मान और अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि "नारी शक्ति" का विचार अब एक राष्ट्रीय मिशन बन चुका है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। 'बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ' अभियान का उल्लेख करते हुए उन्हाेंने कहा कि इससे बालिका सुरक्षा और शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ी है।

श्री राव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन और नेतृत्व में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और उनकी राजनीतिक भागीदारी मजबूत होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और राज्य सरकार चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षित और युवा महिलाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी करने और बेहतर शासन के लिए भाजपा का समर्थन करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित