हैदराबाद , जुलाई 12 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने रविवार को विश्वास जताया कि भाजपा आगामी नगर निगम चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगी और हैदराबाद, मल्काजगिरी तथा साइबराबाद नगर निगमों में अपना महापौर बनाएगी।
श्री राव ने कूकटपल्ली-सेरीलिंगमपल्ली क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी में भाजपा के एक नए कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कहा कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हनुमंत राव द्वारा दान की गयी भूमि पर बना यह कार्यालय आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के अभियान के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि जनता उम्मीद के साथ भाजपा की ओर देख रही है और दावा किया कि तीनों नगर निगमों पर पार्टी का परचम लहराएगा।
भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) विधायकों और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) पर जनता के मुद्दों की अनदेखी करने तथा नागरिक समस्याओं का समाधान करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद में पीने के पानी के संकट और मानसून से पहले बाढ़ की रोकथाम के उपायों को लेकर भाजपा द्वारा बार-बार दी गयी चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया गया।
श्री राव ने दावा किया कि शहर में हल्की बारिश से भी भारी जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बन रही है। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस सरकार तथा जीएचएमसी से जवाब मांगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित