हरदोई , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को हरदोई में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि महाविद्यालय परिसर में लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 शय्या छात्रावास का शिलान्यास किया।

इस दौरान उन्होंने भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं पर सफाई देते हुए कहा कि पार्टी संविधान और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करती है तथा इससे मुख्यमंत्री बदलने का कोई संकेत नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में खाद की कमी के दावों को भी खारिज किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि छात्रावास निर्माण के लिए सरकार धनराशि स्वीकृत कर चुकी है और परियोजना की 50 प्रतिशत राशि भी जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सात से आठ माह में छात्रावास का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है, जिससे कृषि छात्रों को परिसर में ही आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय भवन बनने के बावजूद महाविद्यालय में पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध कर शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कराईं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के उस बयान पर, जिसमें चुनाव के बाद विधायक दल द्वारा नेता चुने जाने की बात कही गई थी, श्री शाही ने कहा कि भाजपा एक संवैधानिक प्रक्रिया के तहत चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि इस बयान का यह अर्थ नहीं लगाया जाना चाहिए कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बदला जा रहा है।

उन्होंने कहा, "भाजपा में संसदीय दल और विधायक दल अपने नेता का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत करते हैं। भविष्य में विधानसभा का स्वरूप कैसा होगा, इसका अनुमान आज नहीं लगाया जा सकता।"प्रदेश में खाद की कमी के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यूरिया, डीएपी, एनपीके, सिंगल सुपर फॉस्फेट और पोटाश सहित सभी उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा कहीं भी खाद का संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में लगभग 16 लाख मीट्रिक टन से अधिक यूरिया, छह लाख मीट्रिक टन से अधिक डीएपी, करीब पांच लाख मीट्रिक टन एनपीके, चार लाख मीट्रिक टन से अधिक सिंगल सुपर फॉस्फेट तथा लगभग सवा लाख मीट्रिक टन पोटाश उपलब्ध है। यह उर्वरक साधन सहकारी समितियों और 50 हजार से अधिक निजी उर्वरक विक्रेताओं के पास उपलब्ध हैं।

श्री शाही ने कहा कि प्रतिदिन लगभग 22 से 24 हजार मीट्रिक टन यूरिया की बिक्री हो रही है और आपूर्ति भी नियमित रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि हरदोई के दौरे के दौरान किसानों से बातचीत में भी खाद की कमी जैसी कोई शिकायत सामने नहीं आई।

कार्यक्रम में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित