कुशीनगर , सितम्बर 10 -- कुशीनगर जिले के रामकोला उप नगर में आज वृहस्पतिवार को शहीद किसान दिवस पर संबोधित करते हुए सपा के बदायूं सांसद आदित्य यादव ने कहा कि सरकार चुनाव के समय फिर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बहकाने की कोशिश की जाएगी।

श्री यादव ने किसानो से कहा कि यह सरकार किसानों और नौजवानों से घबराती है। 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि जाति के नाम पर विवाद खड़ा कर लोगों को लडा़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान् श्रीराम के कंधे पर सवार होकर सत्ता में आये लोगों की सरकार में राम मन्दिर की क्या दुर्दशा हुई, सभी लोगों ने देखा। आज किसान, नौजवान, महिला सहित सभी वर्गों के लोग परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि उनका परिवार किसानों के दुख-दर्द को समझता रहा है। सरकार में रहने के दौरान उनके हित में फैसले लेते रहे हैं।उन्होंने ऐसे में आगामी 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि 10 सितम्बर 1992 को गन्ना किसानों के आन्दोलन के दौरान पुलिस की गोली बारी से तीन किसानों की जानें चली गई थी। तभी से क्षेत्रीय पूर्व विधायक राधेश्याम सिंह प्रत्येक वर्ष शहीद किसान दिवस पर सभा का आयोजन करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित