अलवर , मार्च 21 -- राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने शुक्रवार रात पेट्रोलियम पदार्थों पर बढ़ाई गईं दरों का विरोध करते हुए कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वाले जनता को गुमराह कर रहे हैं।

श्री जूली ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस तरह से देश में माहौल है, ऐसी स्थिति में भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। ये लोग दावा करते हैं कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। एक तरफ तो कहते हैं कि देश में पेट्रोल पदार्थ और गैस की कोई कमी नहीं है, दूसरी तरफ उनके चुपचाप दाम बढ़ा दिए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि इनका मुख्यमंत्री क्या बयान दे रहा है। प्रधानमंत्री क्या बयान दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री क्या बयान दे रहे हैं। इनको खुद को ही पता नहीं कि आखिर जनता के सामने कौन सा संदेश देना चाहते हैं। देश में महंगाई बढ़ रही है।

श्री जूली ने कहा कि व्यावसायिक सिलेंडरों पर इतनी वृद्धि की गई, लेकिन ये सिलेंडर मिल भी नहीं रहे हैं। इसके कारण कंपनियां बंद हो रही हैं। होटलों, ढाबाें पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है। हालत यह है कि देश में अफरातफरी मच रही है, लेकिन इस सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। यह तो चार राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, नहीं तो इनकी दरों को और भी ज्यादा बढ़ा देते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित