जयपुर , अक्टूबर 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों से ग्रामीणों के जीवन में उजियारा आया है, जिसकी बदौलत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शहरी निकायों के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में भारी जन समर्थन के साथ सरकार बनाने जा रही है।

श्री शर्मा ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में संचालित 90 सेवा संकल्प रथों से ग्रामीण क्षेत्रों में सभाओं को संबोधित करते हुए यह दावा किया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं का भाजपा के विकास पर अटूट विश्वास है। जनता कांग्रेस की लूट-झूठ और तुष्टिकरण की राजनीति को समझती है और चुनावों में फिर से इन्हें नकारेगी।

उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीणों के जीवन में उजियारा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान, ग्राम चौपाल, अटल ज्ञान केन्द्र, अटल पथ, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना-ग्रामीण को प्रभावी रूप से संचालित कर हमने विकास के इंजन को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया है।

उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और अभूतपूर्व उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों से पंचायत चुनावों में भाजपा को भारी जन समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जिसकी रीति और नीति के मूल में सुशासन तथा विकास ही है। अंत्योदय के माध्यम से वंचित और गरीब के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार विकास के नये-नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है। जबकि कांग्रेस ने जब-जब देश-प्रदेश में शासन किया तब-तब केवल जनता को लूटा और झूठ बोला। इनके नाम तो एक ही उपलब्धि है - घोटालों के रिकॉर्ड बनाने की। यह भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की प्रतीक है।

श्री शर्मा ने कहा कि गांव आगे बढ़े, किसान समृद्ध हो और राजस्थान विकसित हो, इसी संकल्प के साथ डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। अब इसमें पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़कर ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का समय आ गया है।

उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पंचायती राज चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को समर्थन दें। साथ ही, मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाये रखें और उनकी अपेक्षाओं एवं समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-जन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने में सेवा संकल्प रथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जनसेवा, जनसंवाद की इस यात्रा से जनभागीदारी एवं जनविश्वास के साथ हम सशक्त, विकसित एवं आत्मनिर्भर राजस्थान के संकल्प की ओर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हमारा संकल्प है कि विकास की प्रत्येक पहल और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए ग्रामीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि गांवों के सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों के सशक्तीकरण से ही विकसित भारत की नींव मजबूत होगी। उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनावों में भाजपा द्वारा प्रदेशभर में 90 सेवा संकल्प रथों का संचालन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित