चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ में कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने का दावा किया है। सेक्टर-22 निवासी और शास्त्री मार्केट के निर्वाचित महासचिव पुनीत कपूर बावा शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एचएस लक्की ने उनका पार्टी में स्वागत किया।

इस मौके पर एचएस लक्की ने कहा कि भाजपा की राजनीति से निराश युवा अब कांग्रेस में भविष्य और शहर के विकास की उम्मीद देख रहे हैं। राहुल गांधी युवाओं, छात्रों, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं, जिससे कांग्रेस के प्रति युवाओं का विश्वास बढ़ रहा है।

लक्की ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है। सांसद मनीष तिवारी ने संसद में चंडीगढ़ और देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है। वहीं, चंडीगढ़ कांग्रेस महंगाई, नागरिक सुविधाओं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है।

भाजपा शासित नगर निगम पर निशाना साधते हुए लक्की ने कहा कि निगम शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहा है। लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देने के बजाय समस्याएं बढ़ रही हैं। जनता को खोखले दावों के बजाय ठोस समाधान और जवाबदेह शासन चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित