उदयपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान के उदयपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष में शुक्रवार को शहर भाजपा लाभार्थियों का सम्मान किया गया।

भाजपा शहर मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने बताया कि उदयपुर के देबारी मंडल के अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के 48 लाभार्थियों का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सम्मान किया गया। लाभार्थियों में महिलाओं की संख्या काफी अधिक रही। इस दौरान लाभार्थियों ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं खेंगरो की भागल गांव के सरपंच तुलसीराम मीणा ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं से इस क्षेत्र में आमूलचूल बदलाव आया है जिससे लोगों का जीवन यापन सफल एवं सुगम हुआ है।

कार्यक्रम में देबारी मंडल अध्यक्ष श्री राठौड़ ने एक एक योजना एवं पार्टी की रीति नीति को विस्तार से उपस्थितजनों के समक्ष रखा। पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर अपनी खुशी का इजहार भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित