बारां , अप्रैल 05 -- राजस्थान के बारां में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छह अप्रैल को कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पार्टी का झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाएंगे। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैंं। कार्यक्रम में बारां- झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गोपीचंद मीणा मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संगठन जिला सह प्रभारी गौरव शर्मा, बारां विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजय, राजेंद्र नागर, जगदीश मीणा एवं नंदलाल सुमन सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जिलेभर के पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
स्थापना दिवस के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री राकेश जैन ने बताया कि स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का झंडा फहराकर उत्सव मनाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित