कोलकाता , अप्रैल 06 -- पश्चिम बंगाल मेें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर भबानीपुर चुनाव प्रचार के दौरान राज्य पुलिस पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की 'निगरानी शाखा' के तौर पर काम करने का आरोप लगाया है।

श्री अधिकारी ने अपनी शिकायत में दावा किया कि भबानीपुर में घर-घर जाकर प्रचार करने के दौरान सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी लगातार उनका पीछा करते हैं। उनके अनुसार ये अधिकारी न केवल उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहे हैं बल्कि उन मतदाताओं की पहचान करके उनका विवरण भी नोट कर रहे हैं जो उनसे बातचीत करते हैं।

श्री अधिकारी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।" उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने इस बाबत चुनाव आयोग से संपर्क साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता पुलिस का 'मनमाने ढंग से इस्तेमाल' सत्ताधारी पार्टी द्वारा मतदाताओं को डराने और स्वतंत्र राजनीतिक भागीदारी को दबाने के लिए किया जा रहा है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि जो मतदाता उनसे मिलते हैं, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है और बाद में उन्हें डराया-धमकाया जा सकता है। उन्होंने इन कार्रवाइयों को 'राज्य-प्रायोजित मतदाता-भय' बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी गतिविधियां स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए एक गंभीर खतरा हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित