देवरिया , सितंबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वटवृक्ष हिमाचल, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल तथा देवरिया की माटी से आत्मीय जुड़ाव रखने वाले वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्र (78) के निधन पर देवरिया में शोक की लहर हैं।

गौरतलब है कि शनिवार की देर रात श्रीमती सत्यवती मिश्र ने नोयडा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। इस हृदय विदारक समाचार के मिलते ही देवरिया में शोक की लहर दौड़ गई। जिस देवरिया ने कलराज मिश्र को सांसद के रूप में अपना प्रतिनिधि चुना। जिस धरती से उनका अटूट नाता रहा।वहां लोगों की आंख नम हो गई।कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्र ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और इस अपार,असहनीय दुख को सहने की शक्ति मिश्र परिवार को प्रदान करें।

वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप मिश्र ने कहा कि सत्यवती मिश्र एक सादगी, ममता और संस्कार की प्रतिमूर्ति थीं। उनका जाना एक युग का अवसान है। पत्रकार वेद प्रकाश दुबे और एम पी विशारद ने कहा कि कलराज मिश्र जी का देवरिया से सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और पारिवारिक संबंध रहा है। उनकी जीवन संगिनी के जाने का समाचार सुनकर मन व्यथित है।भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने इस दुख की घड़ी में मिश्र परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित