दतिया/भोपाल , जुलाई 24 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का अभियान है। उन्होंने युवाओं से दतिया विधानसभा उपचुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री उपाध्याय ने शुक्रवार को दतिया स्थित पार्टी चुनाव कार्यालय में युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और ऊर्जावान, शिक्षित तथा जागरूक युवा ही विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि "दतिया का सुनहरा कल, हर घर खिलेगा कमल" केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और समृद्धि का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विकास, सुशासन, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा गरीब कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भाजपा सरकारों की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई देता है।
श्री उपाध्याय ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और प्रत्येक युवा को इसमें सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं की मेहनत, समर्पण तथा जनसंपर्क पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में जनसंपर्क तेज करने और उनकी ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया। विज्ञप्ति के अनुसार श्री उपाध्याय ने इस अवसर पर विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों से भी मुलाकात की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित