चंडीगढ़ , नवंबर 23 -- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए पार्टी पर 10 बड़े आरोप लगाए। उन्होंने नगर निगम हाउस में अनिल मसीह की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वोट की कथित चोरी का मामला सबके सामने आने के बावजूद वह अभी भी हाउस में कैसे बैठे हैं।

श्री सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले पार्षदों को हाउस से निलंबित किया जाता है लेकिन श्री मसीह के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर आप उच्चतम न्यायालय में अलग से याचिका दाखिल करेगी। साथ ही, चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक को भी शिकायत दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आप चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी। पार्टी 35 में से 30 सीटों पर जीत दर्ज करेगी और बहुमत के साथ नगर निगम हाउस में पहुंचेगी। उन्होंने विरोधियों के उस दावे को गलत बताया कि आप चुनाव नहीं लड़ रही है।

आप चंडीगढ प्रभारी सिंह ने कहा कि पार्टी के खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है लेकिन चुनाव परिणाम में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि अगला मेयर शहर का जेन-जेड (जेन-जी) होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित