नयी दिल्ली , जनवरी 29 -- भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन 30 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर गोवा जायेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी डॉ. संजय मयूख की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्री नवीन 30 जनवरी 2026 से गोवा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

उनका यह दौरा गोवा में भाजपा के बूथ-स्तरीय संगठन को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिम बंगाल के पश्चात यह उनका दूसरा दौरा है।

श्री नवीन शुक्रवार, 30 जनवरी को सुबह 10:35 बजे मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पणजी पहुंचेंगे। इसके बाद वह दोपहर 12:15 बजे राज्य भाजपा कार्यालय, पणजी में राज्य भाजपा कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इसके बाद श्री नवीन गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से मिलेंगे और इसके बाद भाजपा के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद श्री नवीन मडगांव में दक्षिण गोवा जिला समिति के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके बाद वे होटल विवांता, पणजी में राज्य पदाधिकारियों, राज्य मोर्चा अध्यक्षों, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्षों एवं मंडल महामंत्रियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे।

इस दौरान श्री नवीन दक्षिण गोवा स्थित श्री महालसा नारायणी देवालय, वेरना में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे।

श्री नवीन दूसरे दिन ओल्ड गोवा में निर्माणाधीन नए भाजपा कार्यालय स्थल का निरीक्षण करेंगे और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मनोहर पर्रिकर और गोवा के प्रथम मुख्यमंत्री स्व. भाऊसाहेब बांदोडकर की समाधि स्थलों पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

श्री नवीन तालेगांव कम्युनिटी सेंटर, कारांजलेम (पणजी) में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें बूथ अध्यक्ष एवं मंडल समितियों के सदस्य शामिल होंगे। इसके साथ ही कई अन्य संगठनात्मक बैठक भी करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित