महबूबनगर , फरवरी 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन चार फरवरी को तेलंगाना का दौरा करेंगे। भाजपा अध्यक्ष का पद संभालने के बाद राज्य का पहला दौरा होगा।
श्री नवीन का यह दौरा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूरे तेलंगाना में नगरपालिका चुनाव चल रहे हैं और भाजपा अपने संगठनात्मक आधार को बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर अपनी लामबंदी तेज कर रही है।
भाजपा ने बताया कि यह दौरा राज्य में बूथ और मंडल स्तर पर पार्टी के आधार को मजबूत करने पर केंद्रीय नेतृत्व के नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने को दर्शाता है।
वह चार फरवरी की दोपहर में क्रिश्चियनपल्ली में एमवीएस डिग्री कॉलेज मैदान में बूथ-स्तरीय और मंडल-स्तरीय पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस बातचीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चल रहे स्थानीय निकाय चुनावों के संदर्भ में रणनीतिक दिशा मिलने की उम्मीद है, जिसे भाजपा नेता तेलंगाना में भविष्य के चुनावी मुकाबलों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानते हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह पहला दौरा भाजपा आलाकमान द्वारा तेलंगाना को दिये गये महत्व को रेखांकित करता है और राज्य में पार्टी के दीर्घकालिक विकास के लिए स्थानीय चुनावों को एक आधार के रूप में दिए जा रहे महत्व को उजागर करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित