नयी दिल्ली , सितंबर 27 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली सरकार के एक मंत्री का वीडियो बना रहे एक युवक को थप्पड़ मारने पर प्रतिक्रिया जताते रविवार को कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा के मंत्रियों को अब मतदाता का भी डर नहीं रहा।
श्री गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी और नौजवान के हाथ में कैमरा था। उन्होंने कहा कि उसका गुनाह सिर्फ इतना था कि वह वीडियो बना रहा था।
उन्होंने कहा, "ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है। सड़क पर सवाल पूछो - थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो - लाठी। संसद में सवाल पूछो - माइक बंद।"श्री गांधी ने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि सत्ता को अब यह डर नहीं है कि चुनाव से वह हट सकती है। उन्होंने कहा, "वोट चोरी यही ख़रीदती है - सिर्फ़ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी।"उन्होंने कहा कि जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे जनता की रज़ामंदी नहीं चाहिए, बल्कि उसकी "ख़ामोशी और अंधभक्ति" चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित