भोपाल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास पर किए गए प्रदर्शन के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता के हाथ में कथित संविधान-विरोधी संदेश वाला पोस्टर दिखाई देने पर विवाद खड़ा हो गया। बाद में भाजपा के जिला प्रवक्ता ने पोस्टर हटाकर अपने कब्जे में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेडक्रॉस चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता के हाथ में एक विवादित तख्ती दिखाई दिया, जिसमें कांग्रेस पर टिप्पणी के साथ संविधान से संबंधित आपत्तिजनक संदेश लिखा था। कुछ देर बाद भाजपा के जिला प्रवक्ता राजेंद्र गुप्ता कार्यकर्ता के पास पहुंचे, पोस्टर लेकर उसे फाड़ दिया और अपने वाहन में रख लिया।
प्रदर्शन के दौरान एक युवक जोकर की वेशभूषा में भी पहुंचा। उसकी टी-शर्ट पर लगे पोस्टर पर राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए नारा लिखा था। इस बीच प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के दोनों प्रवेश द्वारों पर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया।
उधर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने श्यामला हिल्स स्थित आदिवासी छात्रावास में 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम और प्रेस वार्ता आयोजित करने की घोषणा की, जिसमें छात्रों से जुड़े मुद्दों के साथ दिल्ली की घटना पर कांग्रेस का पक्ष रखा जाना है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी इस मुद्दे पर दोपहर में प्रेस वार्ता बुलाने की घोषणा की है। दिल्ली की घटना के बाद भोपाल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दल अपने-अपने स्तर पर विरोध एवं प्रेस वार्ताओं के माध्यम से अपना पक्ष रख रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित