नयी दिल्ली , सितंबर 26 -- श्रीलंका की सत्तारूढ़ जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) के महासचिव तिलविन सिल्वा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पांच दिवसीय दौरे पर रविवार को यहां पहुंचेगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निमंत्रण पर भारत दौरे पर आ रहा जेवीपी का प्रतिनिधिमंडल एक अक्टूबर तक यहां रहेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में श्री सिल्वा के साथ जेवीपी में केंद्रीय समिति सदस्य चंद्रिका अधिकारी, सांसद अबूबकर अथंबावा, जिला समिति सदस्य कबिलन सुंथरामूर्ति और अंतरराष्ट्रीय विभाग की सदस्य कल्पना मधुभाषिणी शामिल रहेंगी।
जेवीपी के प्रतिनिधिमंडल की भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात प्रस्तावित है। श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ भी बातचीत करेगा।
प्रतिनिधिमंडल भाजपा मुख्यालय में भाजपा के विभिन्न मोर्चों और विभागों के साथ संवाद करेगा। इसके अलावा वह भारतीय संसद और दिल्ली भाजपा के प्रदेश कार्यालय का दौरा भी करेगा।
इस यात्रा का उद्देश्य भाजपा और जेवीपी के बीच संवाद को मजबूत करना, दोनों दलों के संगठनात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान करना और दोनों राजनीतिक दलों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित