देहरादून , सितंबर 02 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की नई भूमिका में पहली बार यहां पहुंचने पर जबरदस्त स्वागत किया।

इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि एक अभिभावक और कार्यकर्ता के रूप में हमेशा प्रेरित करने वाले तीरथ सिंह को बड़ी भूमिका मिलना हम सबका उत्साहवर्धन करता है। अब बनावटी और झूठे मुद्दे के दौर में राज्य चुनाव की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन ये बात तय है कि जातिवादी और तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों की हार तय है। वहीं चुनौती दी कि मनु स्मृति पर पितृ सत्ता का ज्ञान देने वाले राहुल गांधी घर तिजौरी में बंद करने की वकालत वाले मौलाना पर कब बोलेंगे।

उन्होंने हल्द्वानी की घटना पर कहा कि, जिसका किसी जाति से, किसी व्यक्ति से दूर-दूर तक का लेना-देना नहीं है लेकिन उसको केवल अपने वोटों के लिए, उसको दलितों के साथ जोड़ देना, दलितों के सम्मान का मुद्दा बना देना, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में किसी को नहीं पता है कि मल्लिकार्जुन खड़गे किस जाति के हैं। वहां शुद्धिकरण "जिहादी नारे" के खिलाफ हो रहा था। शराब की बोतलें फेंकी गई थीं, वहां पर गंदगी की गई थी, ऐसी-ऐसी चीजें डाली थीं जो धार्मिक स्थान पर नहीं होनी चाहिए उसकी साफ-सफाई होनी चाहिए, उसकी पवित्रता बनी रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर में त्रिशूल चौक पर एक मौलाना ने देवभूमि उत्तराखंड में भड़काने वाली और धमकी देने की बात की। लेकिन भाजपा की सरकार का रुख स्पष्ट है कि यहां पर किसी कीमत पर तुष्टिकरण या अराजकता नहीं चलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि एक मुफ्ती अबूबकर अहमद है, जो एक बहुत विवादित बात महिलाओं के लिए कर रहे हैं कि महिलाओं को घर के अंदर बंद रखना चाहिए। यह बिल्कुल सोने की तरह हैं, हार की तरह हैं, अगर सड़कों पर आएंगी तो यह जो है लोग इनको छू लेंगे तो यह खराब हो जाएंगी। जिस प्रकार का ऐसा निम्न कोटि का बयान दिया है, लेकिन राहुल गांधी के मुंह से आलोचना में अब तक कोई बात नहीं निकल रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सबको मिलकर 27 के चुनावों के लिए जुटना है, ताकि विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कोई पद भाजपा में यदि स्थाई है तो वह है कार्यकर्ता का पद। समय अनुसार और जरूरत के हिसाब से हम सबको अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाती हैं और मैं एवं आप सब उसको इसी स्वरूप में लेते हैं। पार्टी के मूल मंत्र को अपनाते हुए हम सभी को अपने प्रयासों की शुरुआत बूथ से करनी है। 100 फीसदी अपने बूथ को सशक्त कर प्रदेश में आने वाले 27 के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगानी है। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने इतना भव्य स्वागत किया जिसके लिए आप सबका आभार, लेकिन हम सबको सामूहिक प्रयास से 27 के चुनाव में जीत दर्ज कर विकसित उत्तराखंड लक्ष्य की तरफ बढ़ना है।

प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री भट्ट ने कहा कि श्री सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में 2027 में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। आपके नेतृत्व में, आपके मार्गदर्शन में हम लगातार संगठन को विस्तार देंगे और 2027 के अंदर पुनः कमल खिलाएंगे।

इससे पहले पार्टी मुख्यालय में आज बड़ी संख्या में मंत्री, विधायक, दायित्वधारी, प्रदेश पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री रावत के स्वागत में मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बड़े जोश एवं उत्साह के साथ वंदेमातरम, भारत माता की जय के साथ उनके पक्ष में जोरदार नारेबाजी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित