भोपाल , सितंबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा बुधवार को भोपाल पहुंचे। दोनों नेताओं की नियुक्ति के बाद यह मध्यप्रदेश का पहला महत्वपूर्ण दौरा है। बिप्लब कुमार देव को प्रदेश प्रभारी और रेखा वर्मा को सह प्रभारी बनाए जाने की पुष्टि पार्टी की ओर से जारी नई नियुक्तियों की सूची में भी की गई है।

भोपाल पहुंचने के बाद श्री देब ने गुफा मंदिर पहुंचकर हनुमानजी के दर्शन किए। इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और भोपाल सांसद आलोक शर्मा भी मौजूद रहे। श्री देब शाम चार बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। शाम पांच बजे प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक होगी, जिसमें श्रीमती वर्मा भी शामिल होंगी।

श्री देब ने कहा कि वह और रेखा वर्मा मध्यप्रदेश में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिए मिलकर काम करेंगे। सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए दोनों मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की टीम जो काम करने जा रही है, उसमें सहयोग करना उनका लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि हनुमानजी के दर्शन किए हैं। जिस तरह हनुमानजी ने रामराज्य की स्थापना के लिए काम किया, उसी दिशा में काम करने का प्रयास करेंगे। समाज के अंतिम व्यक्ति यानी अंत्योदय तक पहुंचना उनकी प्राथमिकता है।

प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने मध्यप्रदेश जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संगठन को नीचे तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है तथा सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं। संगठन को मजबूत करने और सरकार के काम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।

श्री देब के कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात को भी शामिल किया गया है। वह दोपहर दो बजे पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी के आकृति गार्डन स्थित निवास पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3.15 बजे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे। इस बीच वह बूथ अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के निवास पर चाय भी लेंगे। दोपहर एक बजे श्री देव दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-32 के बूथ क्रमांक-69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के शास्त्री नगर स्थित निवास पर भोजन करेंगे।

रेखा वर्मा सुबह 11.30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। दोपहर एक बजे वह अरेरा मंडल की कार्यालय मंत्री रंजना प्रसाद के अरेरा कॉलोनी स्थित निवास पर भोजन करेंगी और शाम पांच बजे प्रदेश कार्यालय में होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगी।

दोनों नेता एक अक्टूबर को भी भोपाल में रहेंगे। सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक होगी। इसमें प्रदेश संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। भाजपा के नए प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी मंगलवार शाम भोपाल पहुंच गए थे। वह बुधवार शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित