रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम के क्षेत्र-10 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। क्षेत्र के छह भाजपा पार्षदों ने पार्टी के जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

पार्षदों ने इस संबंध में महापौर मीनल चौबे और पार्टी संगठन को लिखित शिकायत सौंपते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में क्षेत्रीय कार्यालय में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

शिकायत करने वाले पार्षदों ने भाजपा नेता मेघानी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षदों का कहना है कि ज़ोन अध्यक्ष लगातार दूसरे वार्डों के मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। इसके साथ ही उन पर अवैध निर्माण को संरक्षण देने तथा निगम अधिकारियों पर कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, बोरियाकला क्षेत्र में संचालित एक अवैध अस्पताल पर प्रस्तावित निगम कार्रवाई को रुकवाने को लेकर विवाद और गहरा गया। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच लगभग दो घंटे तक बंद कमरे में बैठक भी हुई।

राजनीतिक हलकों में इस मामले को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि सचिन मेघानी को भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता है। मामले के सामने आने के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित