हमीरपुर , सितंबर 8 -- समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन से किसान, नौजवान, गरीब, मध्यम वर्ग और व्यापारी सभी परेशान हैं तथा भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

श्री पाल राठ कस्बे के लोधेश्वर धाम में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव किसान, गरीब, मजदूर और नौजवानों के नेता हैं। भाजपा एक षड्यंत्रकारी पार्टी है और उसके षड्यंत्रों को समाजवादी पार्टी ही विफल कर सकती है।

उन्होंने कहा कि पीडीए समाज का भविष्य समाजवादी पार्टी में ही सुरक्षित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने और अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। श्री पाल ने कहा कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी, बेरोजगारी समाप्त करने के प्रयास करेगी तथा महिलाओं के खातों में प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये भेजे जाएंगे।

सपा सांसद आजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभी जाति और धर्म के लोगों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर से संबंधित चढ़ावे और चंदे की कथित अनियमितताओं को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे जनता के भरोसे को ठेस पहुंची है।

सपा जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने कहा कि भाजपा सरकार के कारनामों से जनता ऊब चुकी है और आने वाला समय समाजवादी पार्टी का है।

सपा नेत्री माया वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर और नौजवान परेशान हैं। उन्होंने हाल में मलिहाबाद की विधायक जया कौशल पासी को मंदिर में प्रवेश नहीं दिए जाने का जिक्र करते हुए भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों से समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनिल अहिरवार, नीलम यादव, जिला महिला सभा अध्यक्ष, राठ विधानसभा अध्यक्ष गोकुल राजपूत, सरीला ब्लॉक अध्यक्ष राहुल राजपूत, मुस्करा ब्लॉक अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, मानसिंह यादव, बृजेंद्र यादव, सरीला नगर अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित