‎पटना , मई 23 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है।

श्री सरावगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ आज पटना में आयोजित "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया और इस अवसर पर कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसी की मेहनत एवं समर्पण के बल पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

‎भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान" का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना, संगठनात्मक दक्षता विकसित करना तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को और मजबूत करना है। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यशैली, संगठनात्मक संरचना, सरकार की योजनाओं एवं जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

‎‎श्री सरावगी ने "संगठन और सरकार में समन्वय एवं अपनी जिम्मेदारी " विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि संगठन और सरकार दोनों एक-दूसरे के पूरक के रूप में कार्य करते हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जबकि संगठन की अपेक्षाओं और जनता की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य भी कार्यकर्ता ही करते हैं।

‎‎प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग, अनुशासित और समर्पित रहे, यही इस प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य है। कार्यकर्ताओं को समाज के हर वर्ग के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित