जयपुर , सितम्बर 24 -- राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर केन्द्र में लगातार वोट चोरी से सरकार बनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसी तरह देश के विभिन्न राज्यों में देश का जनमत भाजपा के खिलाफ था लेकिन चुनाव आयोग को अपनी साजिश में शामिल कर उसने और उसके नेताओं ने राज्य में सरकार लूटने का कार्य किया है।

श्री डोटासरा ने गुरुवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कान्फ्रेंस के माध्यम से सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की थी, एसआईआर में किस प्रकार धांधली और बईमानी कर आम जनता के वोट को लूटा जा रहा है, काटा जा रहा है और मनमर्जी से हटाया जा रहा है, यह सभी मनमाने फैसले भाजपा और उनके बड़े नेताओं के ईशारे पर चुनाव आयोग द्वारा किये जा रहे हैं। अब जिस प्रकार चुनाव आयोग की कारगुजारी उजागर किया गया है, पिछले दस महीनों में 14 बार चुनाव आयोग के दो सदस्यों विवेक जोशी और सुखवीर सिंह संधू ने आपत्ति दर्ज कराई, यह सबके सामने आ चुका है।

उन्होंने कहा कि इन दोनों सदस्यों ने चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव अधिकारी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए जारी फार्म 6 में जो बदलाव किये गये, मतदाताओं के नाम जोडऩे तथा हटाने के लिये केन्द्रीयकृत व्यवस्था और पश्चिम बंगाल में एसआईआर में नाम काटने के पश्चात् जो नाम पुन: जोड़े गये उनके विरुद्ध अपील करने के आधार और निर्णय लेने के औचित्य तथा निर्णय में शामिल नहीं करने पर आपत्ति दर्ज कराई है।

श्री डोटासरा ने कहा कि देश के चुनाव की पूरी प्रक्रिया एवं सिस्टम जिसे पारदर्शी होना चाहिये तथा चुनाव आयोग में तीनों सदस्यों में सर्वसम्मति अथवा बहुमत के आधार पर फैसला होना चाहिये, के विरूद्ध जाकर पूरे सिस्टम को श्री कुमार ने हाईजेक कर लिया है। 1995 में उच्चतम न्यायालय का निर्णय है कि चुनाव आयोग में जो भी निर्णय हो या तो सर्वसम्मति से हो अथवा बहुमत के आधार पर हो, एक व्यक्ति का फैसला नहीं चल सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित