बांका , सितंबर 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के परिश्रम से बनी है। श्री सरावगी आज भागलपुर से बांका पहुंचे। बांका पहुंचते ही वे सुमुखिया मोड़ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां आयोजित कार्यकर्ता बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी सेवा कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

श्री सरावगी ने ‎बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद मंदार की धरती पर उनका यह पहला आगमन है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा चुनाव में दिए गए परिणाम और उनके परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने बांका के कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए आभार जताया।

भाजपा ‎प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के परिश्रम से बनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं को दायित्व मिलने की परंपरा रही है। उन्होंने पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए कहा कि लंबे समय तक दायित्व निभाने वाले ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उनकी नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे उनके अनुभव और सुझावों का संगठनात्मक कार्यों में उपयोग किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित