पटना , जनवरी 24 -- बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

भाजपा अध्यक्ष ने यहां जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की और इसके बाद कोर कमिटी की बैठक में भी शामिल हुए। इस बैठक में संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

‎‎श्री सरावगी ने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता तपोनिष्ठ और राष्ट्र सेवा के संकल्प से बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी नीतियों पर चलती है और उसके लिए जनता की सेवा सर्वोपरी है।

‎‎भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह प्रवास कार्यक्रम कोई आयोजन नहीं, बल्कि जनता के बीच भरोसे का सेतु बनाने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को मिल कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं घर-घर पहुंचना है। उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर जनता से संवाद करें और उन्हें योजनाओं की जानकारी दें।

‎श्री सरावगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सीमित दायरे से बाहर निकलकर नए लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना होगा। उन्होंने युवाओं को स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से अवगत कराने की जरूरत पर जोर दिया।

‎‎भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और भरोसा दिया कि उनकी बातों को सरकार तक पहुंचाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित