नवगछिया/भागलपुर , जनवरी 12 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी पार्टी का लक्ष्य भारत माता को उसके परम वैभव तक पहुंचना है।
श्री सरावगी ने कहा कि कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता भाजपा तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की असली ताकत हैं जिनकी बदौलत पार्टी का आकर और दायरा देश भर में बढ़ता जा रहा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अपने प्रवास कार्यक्रम के क्रम में आज बेगूसराय, नवगछिया के बाद भागलपुर पहुंचे और एक रोड शो में शामिल हुए।
भाजपा अध्यक्ष ने नवगछिया के पास बिहपुर में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा-भाव ही पार्टी के संगठन की शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने एवं राजग सरकार की विकासात्मक योजनाओं से जन-जन को जोड़ने की दिशा में संगठन और कार्यकर्ता एकजुट होकर समर्पण, परिश्रम और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए कहा कि हमारी मंजिल श्री मोदी के सपनों को साकार करना और भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह विधायक कुमार शैलेन्द्र, भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद सहित पार्टी पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित