रायपुर , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा विपक्ष के कथित भ्रामक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग की बैठक रविवार को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक मे बैठक के अंत में पद्म विभूषण तीजन बाई और वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने मीडिया विभाग की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रवक्ता और पैनलिस्ट केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार का तथ्यों के आधार पर लगातार जवाब देने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार जनहित के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और इन उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए मीडिया विभाग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने हाल के घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का कथित झूठ उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस कई बार राष्ट्र और सनातन विरोधी रुख अपनाती नजर आती है।
प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने सम्मानपुर सहित हाल की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर षड्यंत्र और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रवक्ताओं से ऐसे मामलों में सक्रिय रहकर तथ्यों को सामने लाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित