लुधियाना , अगस्त 08 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में लुधियाना स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री श्रीनिवासुलु और राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब के सह-प्रभारी नरेंद्र रैना सहित नयी प्रदेश कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारी तथा सभी जिला अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों एवं चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने हाईकमान और श्री ढिल्लों के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास जताते हुए एकजुट होकर 2027 का चुनाव मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए ढिल्लों ने कहा कि पार्टी के पद केवल जिम्मेदारियां नहीं हैं, बल्कि पंजाब और भाजपा के भविष्य से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी हैं। उन्होंने नेताओं से पार्टी की ओर से जताए गए विश्वास पर मेहनत और ईमानदारी से खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को गांव, शहर और बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की संगठनात्मक जड़ों को और मजबूत करना होगा।
पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ता नशा, गैंगस्टरवाद, बढ़ता कर्ज, बेरोजगारी और अन्य समस्याएं पंजाब के लिए गंभीर संकट बन चुकी हैं।
श्री ढिल्लों ने दावा किया कि इन समस्याओं से पंजाब को बाहर निकालने के लिए अब लोगों की एकमात्र उम्मीद भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनावोंके लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनहितैषीऔर विकासोन्मुखी नीतियों को पंजाब के हर घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की एकजुट मेहनत के बल पर पंजाब में भाजपा की मजबूत सरकार बनायी जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित