कानपुर , अक्टूबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 79 वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवमनोनीत सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में प्रतिनिधित्व मिलने से संगठन को मजबूती मिलेगी। इससे पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने विश्वास जताया कि सभी नवमनोनीत सदस्य संगठन की विचारधारा, जनसेवा और राष्ट्रहित के संकल्प को सर्वोपरि रखते हुए पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के आधार पर भाजपा संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है।
घोषित सूची के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। विशेष आमंत्रित सदस्यों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, असीम अरुण, अजीत पाल, रामकेश निषाद, कृष्णा पासवान, मनोहर लाल पंथ, प्रतिभा शुक्ला और कैलाश राजपूत को शामिल किया गया है।
इसके अलावा राज्यसभा सदस्य गोपी कृष्ण पांडेय और बाबूराम निषाद, सांसद मुकेश राजपूत, देवेंद्र सिंह भोले और अनुराग शर्मा, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा विधायक नीलिमा कटियार और मनीषा अनुरागी को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
क्षेत्रीय नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि नवमनोनीत सदस्यों के अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी तथा आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों को हासिल करने में सहयोग मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित